एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 24 जून। उत्तराखंड राज्य की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने आज कैम्प कार्यालय देहरादून में विभागीय बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत चयनित 211 महिलाओं को जल्द ही धनराशि जारी करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले 484 महिलाओं को योजना की प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है, जिनमें से अधिकांश महिलाओं ने अपना स्वरोजगार भी प्रारंभ कर दिया है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में भी इस योजना के तहत 2000 महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए अगस्त तक आवेदन आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जनपद की 4000 से अधिक बेटियों को 19 करोड़ 22 लाख 78 हजार रुपये की धनराशि गुरुवार को डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी जाएगी। कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा की हमारा संकल्प है कि प्रदेश की महिलाओं और बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जाए। बैठक में सचिव श्री चंद्रेश कुमार जी, निदेशक श्री बंशीलाल राणा जी, श्री मोहित चौधरी जी आदि उपस्थित रहे I




