26.3 C
Dehradun
Sunday, October 4, 2026


spot_img

देहरादून: प्रेमनगर में ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

जंगल में खाई से बरामद हुआ था शव

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव खाई में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी बोनगांव, जिला सहरसा, बिहार के रूप में हुई। वह वर्तमान में मांडूवाला, झाझरा, देहरादून में रह रहा था।

मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 214/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची हत्या की साजिश

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आसपास रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। 3 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मदन मुखिया की पत्नी मीना देवी के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। लल्लन शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया।

तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस पूछताछ में आरोपी लल्लन शर्मा ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला है और मांडूवाला में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। पिछले दो से तीन वर्षों से उसका पड़ोस में रहने वाले मदन मुखिया की पत्नी मीना देवी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले मांडूवाला स्थित तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन मुखिया ने लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया था। इस दौरान उसे अपने मोबाइल में पत्नी मीना और लल्लन की तस्वीरें और वीडियो दिखाई दिए। इससे नाराज होकर मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी सभी को देने की धमकी दी थी।

इस घटना के बाद लल्लन को अपने संबंधों का खुलासा होने और बदनामी का डर सताने लगा। उसने मीना देवी के साथ मिलकर मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

शराब पिलाने के बहाने जंगल में ले जाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत मीना देवी अपने पति मदन मुखिया को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गई। वहां मदन को शराब पिलाई गई। उसके नशे में होने के बाद मीना और लल्लन ने मिलकर धारदार चाकू से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और वारदात में इस्तेमाल चाकू को पास की झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने हत्या के मामले में निम्नलिखित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  • लल्लन शर्मा (23 वर्ष): पुत्र गणेश शर्मा, निवासी ग्राम वीरवार, पोस्ट मेनाग्राम, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार। वर्तमान पता मांडूवाला, लोअर प्रेमनगर, देहरादून।
  • मीना देवी (30 वर्ष): पत्नी मदन मुखिया, निवासी बोनगांव, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार।

बरामदगी: हत्या में प्रयुक्त एक चाकू।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों की गिरफ्तारी में प्रेमनगर पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक गिरीश नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, चौकी प्रभारी झाझरा, उपनिरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा, कांस्टेबल रोबिन सिंह, कांस्टेबल अमरेंद्र, महिला कांस्टेबल सुशीला और कांस्टेबल चालक जीएस सैनी शामिल रहे।

दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई से प्रेमनगर क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी महज 12 घंटे में सुलझ गई। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img