रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वाधान में एवं माननीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग श्रीमती नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन में “सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” विषय पर जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग श्रीमती नीना अग्रवाल द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने सुरक्षित ईंधन के उपयोग, ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से ईंधन बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा जनभागीदारी के माध्यम से ऐसे जागरूकता अभियानों को सफल बनाने का आह्वान किया।
रैली का नेतृत्व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह द्वारा किया गया। रैली डाट पुल, रुद्रप्रयाग से प्रारम्भ होकर बेलनी नई सुरंग (रुद्रप्रयाग) तक निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से सुरक्षित ईंधन के उपयोग, ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुँचाया। साथ ही, अभियान के अंतर्गत “सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” विषय पर तैयार किए गए जागरूकता पम्पलेटों का वितरण भी किया गया, जिनके माध्यम से आमजन को ईंधन संरक्षण, सुरक्षित ऊर्जा उपयोग तथा पर्यावरणीय उत्तरदायित्व संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर सचिव श्रीमती पायल सिंह ने कहा कि सुरक्षित ईंधन का उपयोग न केवल मानव जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार ऊर्जा उपयोग अपनाने, अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, साइकिल तथा साझा वाहनों का उपयोग करने का आह्वान किया, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सके। रैली में व्यापार मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, एएसआई मनोहर सिंह, स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) से मनीषा कंडियाल, कांस्टेबल धीरज कुमार, रिटेनर अधिवक्ता यशोदा खत्री, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी), ग्रामीणजन तथा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में ईंधन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित ईंधन के प्रयोग, ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना था।




