देहरादून। उत्तराखंड में ‘नर्सिंग एकता मंच’ के बैनर तले बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों ने देहरादून में यमुना कॉलोनी स्थित स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। वे घोषित नर्सिंग भर्ती परीक्षा को रद्द कर ‘वर्षवार भर्ती’ प्रक्रिया को बहाल करने की मुख्य मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया परीक्षा आधारित न होकर पहले की तरह सीनियरिटी और ‘वर्षवार’ होनी चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री से स्पष्ट आश्वासन न मिलने पर आंदोलन उग्र हो गया और प्रदर्शनकारियों ने आवास कूच का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला अभ्यर्थियों द्वारा फिनायल पीने की घटना भी सामने आई है, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। नर्सिंग स्टाफ की चार महिलाओं ने देहरादून की यमुना कॉलोनी में स्थित स्वास्थ्य मंत्री आवास के बाहर फिनायल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की है, जिनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी महिलाओं को तुरंत पुलिस वाहनों से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
नर्सिंग एकता मंच की ओर से बेरोजगार वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर करीब सात माह से धरने पर बैठे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास का घेराव करने गए बेरोजगारों की जब बात नहीं बनी तो उनमें आक्रोश बढ़ गया। गौरतलब है कि नर्सिंग बेरोजगार करीब सात महीने से वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले धरना दे रहे हैं। मई माह में दो महिलाएं समेत कई बेरोजगार परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। मांग पूरी होने के आश्वासन पर बेरोजगार टंकी से नीचे उतरे थे। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई नर्सिंग भर्ती परीक्षा की तिथि को रद्द करने की मांग के लिए बेरोजगारों ने फिर से आंदोलन उग्र कर दिया है। सोमवार को बेरोजगार ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। मंगलवार को दिनभर स्वास्थ्य महानिदेशालय पर धरना दिया गया। स्वास्थ्य महानिदेशक ने इस मामले में मंत्री से भी बात की। लेकिन बेरोजगार नहीं माने। रात होते ही उन्होंने सीएम कूच कर दिया। पुलिस ने सभी के हिरासत में ले लिया है। कुछ प्रदर्शनकारियों को एकता विहार छोड़ दिया गया है जबकि कुछ को पुलिस थाने ले गई है। नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि नर्सिंग भर्ती परीक्षा की घोषित तिथि को रद्द कर वर्षवार भर्ती प्रक्रिया लागू की जाएगी तभी यह आंदोलन खत्म होगा। कहा कि उन्होंने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा था लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अपनी मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराने के उद्देश्य से वे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। इस दौरान राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, अनिल रमोला, सरिता जोशी आदि मौजूद रहे।




