देहरादून। एसएसपी दून के नेतृत्व में नशा तस्करों पर दून पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक हुई हैं। दून पुलिस ने हाई प्रोफाइल ड्रग के साथ 01 नशा तस्कर को गिरफ्तार किया हैं। अभियुक्त के कब्जे से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की 48.55 ग्राम एमडीएमए तथा 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थों को अभियुक्त सहारनपुर से तस्करी कर देहरादून लाया था। जहां हाइप्रोफाइल पार्टियों में मादक पदार्थों को सप्लाई करने की योजना थी।
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के विजन को साकार करने तथा वर्तमान में प्रचलित “ऑपरेशन प्रहार“ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी/बिक्री में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। जिसके अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में दून पुलिस द्वारा लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में रायपुर पुलिस को नशा तस्करों द्वारा देहरादून में हाईप्रोफाइल ड्रग एमडीएमए को तस्करी कर लाये जाने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा रायपुर क्षेत्र में सघन चैकिंग अभियान चलाते हुए देर रात्रि में अरण्य विहार क्षेत्र में चैकिंग के दौरान एक खाली प्लॉट के पास से 01 अभियुक्त दानिश पुत्र नजीर अहमद निवासी ग्राम नागल, थाना नागल सहारनपुर, उम्र 32 वर्ष को लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की कुल 40.75 ग्राम स्मैक व 48.55 ग्राम एमडीएमए ड्रग के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्व थाना रायपुर मुकदमा अपराध सख्या -289/2026 धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि बरामद ड्रग्स वह सहारनपुर में एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदकर लाया था, जिसे वह देहरादून में होने वाली हाईप्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की फिराक में था। अभियुक्त से पूछताछ में नशा तस्करी में लिप्त कुछ अन्य नशा तस्करों के नाम प्रकाश में आये हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।




