27.1 C
Dehradun
Thursday, July 30, 2026


spot_img

कांवड़ मेले में अवैध शराब पर आबकारी का बड़ा प्रहार, डेयरी की आड़ में चल रहा था कारोबार

हरिद्वार।

कांवड़ मेले के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के राजीव नगर स्थित एक डेयरी संचालक के घर से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर का जखीरा बरामद किया है। विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

आबकारी विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर गुरुवार को आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने राजीव नगर स्थित शंकर डेयरी पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 138 टेट्रा पैक माल्टा ब्रांड देशी शराब, 149 पव्वे अंग्रेजी शराब तथा 42 कैन बीयर बरामद की गई। बरामद अंग्रेजी शराब विभिन्न ब्रांडों की बताई जा रही है। टीम ने मौके से पूरी खेप जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डेयरी संचालक दूध के कारोबार की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री कर रहा था। आबकारी विभाग के अनुसार, इससे पहले भी इसी डेयरी पर छापेमारी के दौरान अवैध शराब बरामद होने के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा अवैध कारोबार जारी रखा गया।

जांच में यह भी पता चला कि कांवड़ मेले के दौरान बढ़ी मांग को देखते हुए आरोपी ने अपने घर में शराब का बड़ा स्टॉक जमा कर रखा था। छापेमारी के दौरान घर में रखे फ्रिज से बड़ी संख्या में बीयर की कैन भी बरामद हुईं, जिन्हें ठंडा कर बेचने की तैयारी की जा रही थी।

जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद बिंजोला ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी जारी रहेगी।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में बरामद शराब के स्रोत और उससे जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img