रुद्रप्रयाग। जन समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत आज ग्राम पंचायत उच्छोला में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने की। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पैदल मार्ग, घरेलू गैस आपूर्ति, पेंशन एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। विकास खंड जखोली की दूरस्थ ग्राम पंचायत उच्छोला में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बताया कि बीते साल आई आपदा के बाद से क्षतिग्रस्त सड़क व पैदल मार्ग अभी तक दुरुस्त नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा बहुत से परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। गाँव में मोबाइल टावर तो स्थापित कर दिया गया है लेकिन 4 जी कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव के ऊपर से अनियमित रूप से संचालित हो रही हेली सेवा तथा बीते लंबे समय से एलपीजी गैस आपूर्ति न होने की समस्याओं से भी अवगत कराया। ग्रामीण उदय लाल ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि बीते वर्ष आई आपदा में गांव की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने के बाद जल संस्थान द्वारा ग्रामीणों से कार्य करवाया गया जिसका अभी तक भुगतान नहीं हो पाया है। ग्राम प्रधान चंडी कुमार ने आपदा के बाद मोटर मार्ग सहित पैदल पुल, घराट, सिंचाई नहरें, गौशालाएं व शौचालयों के पुनर्निर्माण कार्यों को कराने की मांग की। रामी देवी ने उनके आवासीय भवन के पीछे भूस्खलन की समस्या जबकि अमर सिंह ने क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक द्वारा उनकी आय अधिक दर्शाने के कारण पेंशन न लगने की समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आज प्राप्त शिकायतों को यथाशीघ्र संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा, ताकि उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत विकास खंड जखोली की ग्राम पंचायत उच्छोला में यह बैठक आयोजित की गई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया तेज करना है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद के विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों को अलग-अलग ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि ग्रामीण स्तर पर ही जन समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान चंडी कुमार, उद्यान पर्यवेक्षक कुंवर लाल डंगवाल, ग्राम विकास अधिकारी अजय भट्ट, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कुलदीप भंडारी, पशुपालन विभाग से विनीता देवी, अनुजा, महावीर चंद्र, रामचंद्र, प्रदीप सिंह, उदय लाल, अमर सिंह पंवार सहित अन्य स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।




