चमोली। चारधाम यात्रा 2026 श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की राह होगी सुगम, चमोली पुलिस ने लगाए साईन बोर्ड। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पाँवर के निर्देशन में चमोली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी क्रम में यातायात पुलिस चमोली द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पार्किंग, नो पार्किंग, वन-वे ट्रैफिक, पैदल मार्गों की जानकारी एवं संपूर्ण यातायात प्लान से संबंधित साइन बोर्ड स्थापित किए गए।
हर वर्ष बद्रीनाथ धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलाना एक बड़ी चुनौती होती है। इस चुनौती से निपटने के लिए यातायात पुलिस चमोली ने पहले से ही ग्राउंड लेवल पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
धाम में लगाए गए साइन बोर्ड न केवल यात्रियों को सही दिशा-निर्देश देंगे, बल्कि अनियंत्रित यातायात, जाम और अव्यवस्था को भी काफी हद तक रोकने में सहायक होंगे। इन साइन बोर्डों में पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से चिन्हित किया गया है, जिससे यात्रियों को अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करने की जानकारी मिलेगी। वहीं नो पार्किंग जोन को चिन्हित कर अनधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण किया जा सकेगा ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
श्री बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं/पर्यटको से अपील है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह पवित्र यात्रा सभी के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बन सके।




