एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तैनात रुद्रप्रयाग पुलिस और आपातकालीन सेवा 112 के कर्मियों ने एक बार फिर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। गुप्तकाशी मुख्य बाजार में छूटे एक श्रद्धालु के पर्स को पुलिसकर्मियों ने न केवल सुरक्षित बरामद किया, बल्कि उसमें रखे रुपए 5000 नगद और महत्वपूर्ण दस्तावेजों समेत उसे मूल स्वामी के सुपुर्द कर “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” के ध्येय वाक्य को चरितार्थ किया है।
यात्रा ड्यूटी व कानून व्यवस्था के मद्देनजर गुप्तकाशी मुख्य बाजार क्षेत्र में तैनात 112 आपातकालीन सेवा में तैनात मुख्य आरक्षी राजेन्द्र तथा फायरमैन प्रवीण को गश्त के दौरान बाजार में एक पर्स गिरा हुआ मिला, जिसमें रुपए 5000 की नगद धनराशि तथा अन्य अत्यन्त महत्वपूर्ण कागजात (पहचान पत्र आदि) थे। दस्तावेजों की जांच के दौरान पुलिसजवानों को उसमें ‘हिमांशु’ नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। पुलिस जवानों द्वारा बिना समय गंवाये तत्काल उक्त नंबर पर संपर्क किया गया, जिससे पता चला कि वह पर्स श्री केदारनाथ यात्रा पर आये हिमांशु नामक श्रद्धालु का है, जवानों द्वारा पर्स सुरक्षित होने की सूचना श्रद्धालु को दी गयी, जिनके द्वारा बताया गया कि वे अपना पर्स खो जाने से बहुत परेशान थे। सूचना प्राप्त होते ही श्रद्धालु हिमांशु पुलिस जवानों के पास पहुंचे। तदोपरान्त उक्त पर्स को उसके स्वामी श्री हिमांशु के सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ पर्स और पैसे सुरक्षित वापस पाकर श्रद्धालु श्री हिमांशु अत्यंत प्रसन्न हुये। उन्होंने 112 सेवा के कर्मचारियों और रुद्रप्रयाग पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया।




