एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
बागेश्वर। जनपद में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे द्वारा कौसानी चाय की स्थानीय स्तर पर पैकेजिंग व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इस पहल के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं चाय की पैकेजिंग का कार्य करेंगी, जिससे उत्पाद को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि कौसानी चाय में अपार संभावनाएं हैं तथा इसकी प्रभावी ब्रांडिंग और आकर्षक पैकेजिंग के माध्यम से इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। इसके लिए सुदृढ़ विपणन रणनीति तैयार की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने बताया कि कौसानी चाय के प्रचार-प्रसार हेतु प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक यह उत्पाद पहुंच सके। परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने जानकारी दी कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मार्केटिंग संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।




