चंडीगढ़। चंडीगढ़ में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री किशोर मकवाना ने की। बैठक में पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और फिरोजपुर जिलों के अनुसूचित जाति के पीड़ितों को न्याय दिलाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ हुई इस समीक्षा बैठक में जातीय अत्याचार एवं भेदभाव के लंबित मामलों का निपटारा करने पर जोर दिया गया। माननीय अध्यक्ष किशोर मकवाना ने पुलिस अधिकारियों को गंभीर घटनाओं के प्रति अत्यंत सक्रिय, संवेदनशील और त्वरित हस्तक्षेप करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




