चंपावत। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अतिक्रमण मुक्त उत्तराखंड’ के निर्देशों के क्रम में और चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेशों के अनुपालन में तथा उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर के मार्गदर्शन में बुधवार को लोहाघाट तहसील क्षेत्र के अंतर्गत प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में लोहाघाट के डाक बंगला रोड से अवैध निर्माणों को पूरी तरह हटाया गया। इसके साथ ही टीम ने कार्रवाई करते हुए लोहाघाट में सिद्धेश्वर बारात घर के नीचे की ओर सरकारी भूमि पर किए गए अवैध पक्के और कच्चे अतिक्रमण को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जे.सी.बी. मशीनों की मदद से सड़कों और पैदल रास्तों को संकरा करने वाले ढांचों को मौके पर ही हटा दिया गया।
मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के क्रम देवभूमि की सरकारी संपत्तियों और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे दोबारा इन क्षेत्रों में अतिक्रमण न करें, अन्यथा भविष्य में भी विधिक कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई के दौरान तहसीलदार लोहाघाट मोइन मलिक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लोहाघाट सौरभ नेगी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, राजस्व विभाग, नगर पालिका, लोनिवि और पुलिस के कार्मिक मौके पर मौजूद रहे।




