बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जनपद के सभी विद्यालयों एवं विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में समग्र शिक्षा, पीएम श्री, पीएम पोषण, मध्यान भोजन योजना, विद्यालय अनुरक्षण एवं स्कूल अनुरक्षण अनुदान, बालिका शिक्षा, समावेशी शिक्षा, परख, उल्लास तथा निपुण भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण विकसित किया जाए तथा विद्यार्थियों के शैक्षिक अधिगम स्तर में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता एवं पोषण स्तर में सतत सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त एवं जीर्णशीर्ण विद्यालय भवनों का सर्वेक्षण कर उनके पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, नामांकन एवं छात्र उपस्थिति बढ़ाने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने, समावेशी शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।




