26 C
Dehradun
Wednesday, October 21, 2026


spot_img

स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तह्त शहर में चला विशेष सफाई अभियान, 40 टन कूड़ा उठाया गया

डीएम डॉ0 आशीष चौहान ने अधिकारियों, नगर निगम कर्मियों एवं विद्यालय की छात्राओं के साथ स्वयं उठाया कूड़ा, स्वच्छता का दिया संदेश

दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक निरंतर चलेगा स्वच्छता अभियान, वैज्ञानिक तरीके से होगा जैव अपघटनीय एवं गैर-जैव अपघटनीय कूड़े का निस्तारण

देहरादून, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 (सूवि)। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद देहरादून में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर निगम देहरादून द्वारा स्थानीय परेड ग्राउंड में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। दशहरा पर्व के उपरांत आयोजित इस अभियान में परेड ग्राउंड के संपूर्ण परिसर की साफ-सफाई की जिसमें लगभग 10 टन कूड़ा एकत्र किया गया इसके अतिरिक्त पटेलनगर, हिन्दु नेशनल इन्टर कालेज, रेसकोर्स से लगभग 30 टन कूड़ा उठाया।

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा जीजीआईसी राजपुर की छात्राओं के साथ स्वयं सफाई अभियान में प्रतिभाग करते हुए कूड़ा उठाया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिकारियों, नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आहवान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान का उद्देश्य केवल शहर की सफाई करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और व्यवहारगत बदलाव विकसित करना भी है। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही लोगों को कूड़े का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर देहरादून के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी डॉ0 चौहान ने कहा कि दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में स्वच्छता अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, एकत्रित कूड़े का वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने निर्देशित किया कि जैव अपघटनीय (बायोडिग्रेडेबल) एवं गैर-जैव अपघटनीय (नॉन-बायोडिग्रेडेबल) कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारित किया जाए, ताकि कूड़े का बेहतर प्रबंधन हो सके और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान करने के लिए नगर निगम देहरादून एवं ऋषिकेश सहित संबंधित नगर निकायों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से अभियान संचालित किया जाएगा। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ कूड़ा प्रबंधन एवं नियमित स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम, संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में स्थायी सुधार लाया जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं, कूड़े को निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा गीले एवं सूखे कूड़े को पृथक रखने की आदत अपनाएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही स्वच्छता के प्रयासों को प्रभावी एवं स्थायी बनाया जा सकता है।

परेड ग्राउंड में आयोजित सफाई अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम के कार्मिकों एवं विद्यालय की छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त हिन्दु नेशनल स्कूल लक्ष्मण चौक, पटेलनगर, रेसकोर्स सहित अन्य स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 40 टन कूड़ा उठाया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 आनंद शुक्ला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), राजपुर की प्रधानाचार्य एवं छात्राएं, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के रोहित सडाना सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img