रुद्रप्रयाग, डेंगू रोग रोकथाम व नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय अंतरविभागीय बैठक में जिलाधिकारी द्वारा डेंगू रोकथाम की कार्ययोजना का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को मजबूत समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आयोजित अंतरविभागीय बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर पालिका, सिंचाई, परिवहन आदि विभागों द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिलाधिकारी द्वारा डेंगू नियंत्रण को लेकर सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत निर्धारित कार्य अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी आरएस रावत ने मच्छर पनपने वाले स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ राम प्रकाश ने बताया कि डेंगू रोग रोकथाम व नियंत्रण के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर स्तर पर तैयारियां की गई हैं, जिसके अंतर्गत ब्लाक स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर दी गई है। उन्होंने शिक्षा एवं बाल विकास विभाग से स्कूल, आंगनबाड़ी में डेंगू से बचाव के बारे में जागरूकता फैलाने, पेयजल निगम व जलसंस्थान से पाइप लाइन से लिकेज आदि का अनावश्यक पानी जमा न होने देने, नगर पालिका व नगर पंचायतों से उनके क्षेत्र में अनावश्यक पानी जमा न होने देने, नियमित फॉगिंग कराते रहने, पंचायतीराज विभाग से ग्राम स्तर पर डेंगू जागरूकता को लेकर जनमानस को जागरूक करने, परिवहन विभाग से मैदान से आवागमन करने वाले सब्जियों के वाहक ट्रक आदि वाहनों में रखे टायरों में पानी जमा होने व उनके माध्यम से डेंगू का मच्छर आने की आशंका के दृष्टिगत संबंधित को संवेदीकृत करने की अपील की। एपिडेमियोलॉजिस्ट डाॅ. शाकिब हुसैन ने कहा कि रुके हुए पानी में डेंगू का मच्छर पनपने की आशंका बनी रहती है, लिहाजा डेंगू से बचने के लिए सबसे अच्छा उपाय यह है कि डेंगू के मच्छर को पनपने ही न दें, इसके लिए घरों, स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों के आस-पास पानी एकत्रित न होने दें, उन्होने जल भंडारण की वस्तुओं को ढक कर रखने, कूलर, फूलदान, टंकी आदि ऐसी चीजें जहां पानी एकत्र हो सकता है वहां पानी एकत्र न होने दें व इन स्थानों पर सप्ताह में एक बार सफाई करने तथा डेंगू के मच्छर से बचाव हेतु पूरी बांहों वाले कपड़े पहनने, मच्छरदानी, मच्छर नाशक क्रीम, स्प्रे आदि का प्रयोग करने की अपील की है। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी, परिवहन विभाग से एआरटीओ धर्मेंद्र बिष्ट, ईओ नगर पालिका रुद्रप्रयाग हरेंद्र सिंह, ईओ नगर पंचायत अगस्त्यमुनि निकिता भट्ट, एई राजन कुमार आदि मौजूद रहे।
16 आईशोलेशन बार्ड बनाए, जांच किट पर्याप्त उपलबध :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश ने बताया कि डेंगू रोग रोकथाम के तहत सीएचसी अगस्त्यमुनि में 6, सीएचसी जखोली, पीएचसी ऊखीमठ में 02-02, माधवाश्रम चिकित्सालय में 06 आईशोलेशन वार्ड सहित कुल 16 आइसोशलन वार्ड बनाए गए हैं व वार्ड नोडल की तैनाती भी कर दी गई है। बताया कि डेंगू जनपद में पर्याप्त मात्रा में डेंगू जांच किट उपलब्ध है। ब्लाकों को डेंगू किट उपलब्ध कराई गई है।
16 मई से चलेगा अभियान :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रामप्रकाश ने बताया कि डेंगू रोग रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर 16 मई से स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत स्वास्थ्य उपकेंद्र व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में एएनएम और सीएचओ द्वारा जागरूकता गतिविधियां की जाएंगी। आशा कार्यकत्री द्वारा लार्वा निरोधात्मक कार्यवाही की जाएगी जिसके तहत डेंगू मच्छर पनपने वाले संभावित स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर डेंगू मच्छर के लार्वा को खत्म करने की कार्यवाही की जाएगी।




