अल्मोड़ा। श्री चन्द्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा यातायात पुलिस द्वारा “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज बाइक रैली का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात पुलिस उपाधीक्षक यातायात, अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत, एआरटीओ श्रीमती रश्मि भट्ट एवं जेएम अनामिका सिंह की उपस्थिति में आयोजित रैली को रघुनाथ सिटी मॉल, अल्मोड़ा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए टैक्सी स्टैंड अल्मोड़ा तक पहुंची। प्रतिभागियों ने दोपहिया वाहनों पर सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रदर्शित कर लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया। रैली में यातायात पुलिस, इंटरसेप्टर टीम, फायर सर्विस, दूरसंचार शाखा, मीडिया सेल, कोर्ट एवं परिवहन विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।




