पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ में वर्ष 2026-27 हेतु मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, पारदर्शी चयन प्रक्रिया तथा समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कुल 300 खिलाड़ियों (150 बालक एवं 150 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 की खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 से संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक 1,198 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया जा चुका है।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के कुल 200 खिलाड़ियों (100 बालक एवं 100 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 छात्रवृत्ति तथा खेल उपकरण हेतु प्रतिवर्ष ₹10,000 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वर्ष 2023-24 से संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक 579 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया जा चुका है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल विद्यालय स्तर पर 14 एवं 15 जुलाई, न्याय पंचायत स्तर पर 20 एवं 21 जुलाई, नगर पालिका, नगर निगम एवं विकास खंड स्तर पर 23 से 25 जुलाई तथा जिला स्तर पर 27 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के चयन ट्रायल 03 अगस्त 2026 से नगर पालिका, नगर निगम एवं विकास खंड स्तर पर प्रारंभ होंगे। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि दोनों योजनाएं प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध हो। जिला स्तर पर आयोजित प्रत्येक चयन ट्रायल की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा किसी भी आपत्ति के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक स्तर पर गठित चयन समितियों के सदस्यों को परिचय पत्र जारी किए जाएं। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी पात्र खिलाड़ी समय पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण khelouk.in पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराएं। इसके लिए क्यूआर कोड युक्त फ्लेक्सी जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों, तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार दैनिक समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डीआईपीआर ऐप तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाए, जिससे जनपद का कोई भी पात्र खिलाड़ी योजना के लाभ से वंचित न रहे। बैठक में बताया गया कि उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर 6×10 शटल रन, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, फॉरवर्ड बेंड रीच, मेडिसिन बॉल पुट (1 किग्रा), 600 मीटर दौड़ एवं स्टैंडिंग ब्रॉड जंप सहित निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षणके आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस एवं कबड्डी सहित 12 खेलों में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र तथा बैंक पासबुक की स्वप्रमाणित प्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। खिलाड़ियों की आयु की गणना 01 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक जी.बी. जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. जगदीश नेगी, जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्य, उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सी.एस. धौनी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खेल समन्वयक एवं खेल विभाग के प्रशिक्षक उपस्थित रहे। जनपद मुख्यालय से बाहर तैनात अधिकारी एवं खेल समन्वयक बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े।




