पिथौरागढ़ 30 अगस्त, जिला पिथौरागढ़ की तहसील धारचूला और नेपाल गांव में एक साथ बादल फटने से भारी तबाही की खबर आई है। बादल फटने से धाराचूला तहसील और नेपाल गांव के दर्जनों घर जमीदोंज हो गए हैं। प्राप्त सूचना अनुसार गांव के जामुनी तोक में तथा सिरौउड़यार तोक में कुल सात आवासीय मकानो के क्षतिग्रस्त होने तथा लगभग 9 व्यक्तियों के लापता होने की सूचना मिल रही है। धारचूला तहसील से 12 किमी दूर कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग से लगे जुम्मा गांव का संपर्क शेष जगत से कट गया है।

सूचना के तत्काल बाद घटनास्थल क्षेत्र में राजस्व,एसएसबी, पुलिस, एसडीआरएफ तथा रेस्क्यू टीम पहुँच चुकी है। तथा एनडीआरएफ क्षेत्र में जा रही है। सर्वाधिक तबाही इसी गांव में मची है। गांव के नौ लोग लापता बताए जा रहे हैं। जिसमें रेस्क्यू अभियान में अब तक तीन बच्चों समेत चार शव बरामद कर लिए गए हैं। गांव में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला रहा है। हाइवे सहित सभी पैदल मार्ग बंद होने से गांव तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। 
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी से बात की और रेस्क्यू मिशन तेज करने का निर्देश दिया है। इस घटना के संबंध में जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान द्वारा जिला आपदा परिचालन केन्द्र में आईआरएस के अधिकारियों के साथ बैठक कर तत्काल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य कराने के साथ ही क्षेत्र में राहत सामग्री भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधिक्षक घटना स्थल को रवाना हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि क्षेत्र में सड़क मार्ग अवरुद्ध होने के कारण रेस्क्यू कार्य हैलीकॉप्टर से कराए जाने हेतु क्षेत्र में हैलीपैड तैयार किया जा रहा है।





