एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून 05 जुलाई। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) से संबद्ध दून स्कूल कर्मचारी पंचायत (वर्कर्स यूनियन) का सम्मेलन आज डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, में दून स्थित विभिन्न निजी स्कूलों में कार्यरत बस चालकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन को मजबूत करने तथा अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया। सम्मेलन की शुरुआत सीटू जिला अध्यक्ष एस.एस. नेगी द्वारा संगठन का झंडारोहण कर की गई। इसके बाद सम्मेलन की कार्यवाही प्रारंभ हुई।
सम्मेलन की अध्यक्षता एस.एस. राणा, नरेंद्र एवं देवराज ने संयुक्त रूप से की। संचालन समिति में सीटू जिला महामंत्री लेखराज, जिला उपाध्यक्ष बी.एस. पयाला एवं हिमांशु चौहान शामिल रहे। सम्मेलन की कार्यवाही में अधिकांश प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि निजी स्कूलों में कार्यरत बस चालक और अन्य कर्मचारी लंबे समय से विभिन्न प्रकार के आर्थिक एवं श्रम शोषण का सामना कर रहे हैं। कई संस्थानों में कर्मचारियों से निर्धारित समय से अधिक कार्य लिया जाता है, लेकिन उसके अनुरूप वेतन नहीं दिया जाता। कई कर्मचारियों को ईएसआई, पीएफ, सवैतनिक अवकाश, नौकरी की सुरक्षा तथा अन्य वैधानिक सुविधाओं से भी वंचित रखा जाता है। छोटी-छोटी बातों पर कर्मचारियों को प्रताड़ित करना, मनमाने ढंग से नौकरी से निकालने की धमकी देना तथा श्रम कानूनों की अनदेखी करना आम बात बनती जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल मजबूत संगठन और सामूहिक एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने सभी बस चालकों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में यूनियन से जुड़ने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा हर कार्यस्थल पर संगठन की इकाइयों को मजबूत करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठित मजदूर ही अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है और किसी भी प्रकार के शोषण का मजबूती से मुकाबला कर सकता है। सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि स्कूल बस चालकों की समस्याओं को संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन भी आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन के अंत में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से 17 सदस्यीय नई कमेटी के गठन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया जिसमें अध्यक्ष एडवोकेट एम.सी.पंत,उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ,सुरेन्द्र सिंह राणा महामंत्री लेखराज कोषाध्यक्ष देवराज ,सचिव फूल सिंह , मुकेश थापा ,संगठन मंत्री सुनील सिंह कार्यकारणी सदस्य बचन सिंह राणा,विनीत कुमार ,मुरारी सिंह राणा जयकरण ,प्रेम थापा ,करण सिंह सहित दो सदस्य रिक्त रखे गए । नई कमेटी ने फ़ैसला लिया कि वे संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा स्कूल बस चालकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का नेतृत्व करेगी।
सम्मेलन का समापन श्रमिक एकता के नारों के साथ हुआ। उपस्थित सभी साथियों ने संकल्प लिया कि “संगठित मजदूर ही मजबूत मजदूर है” और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर निरंतर संघर्ष किया जाएगा। इस अवसर पर सीटू के उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, भगवंत पायल, हिमांशु चौहान, राकेश पाल, मदनलाल, दर्शन सिंह, अर्जुन सिंह, मंगरु,जसवंत सिंह, विजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, देव सिंह, सुनील रॉबिंसन, राजीव कुमार, शिवेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह सचिन सिंह विक्रम सिंह, रोहतास सिंह, प्रेम थापा आदि बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे ।




