एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल ने तहसील चौक स्थित सरनीमल बाजार में हुई आगजनी की घटना के उपरांत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित व्यापारियों एवं दुकान स्वामियों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रभावित व्यापारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिये प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।
सरनिमल बाजार, देहरादून स्थित गांधी सन्स लहंगा शॉप में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के उपरांत आज मौके पर नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, पार्षद एवं पल्टन बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष स. संतोख सिंह नागपाल तथा दून उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुनील मेसन पहुंचे। सभी व्यक्तियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दुकान स्वामी एवं प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने इस दुःखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में पूरा व्यापारी समाज एवं प्रशासन उनके साथ खड़ा है। मेयर सौरभ थपलियाल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सरदार संतोष सिंह नागपाल एवं सुनील मेसन ने कहा कि पीड़ित व्यापारी को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा तथा जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वे सभी उनके सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अग्निकांड से हुए नुकसान पर दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित व्यापारी के शीघ्र पुनर्स्थापन एवं व्यवसाय के पुनः संचालन की कामना की।




