हरिद्वार, 22 अप्रैल। कोतवाली लक्सर पुलिस ने ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 240 लीटर विद्युत ट्रांसफार्मर तेल के साथ एक मोटरसाइकिल और कार भी बरामद की गई है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी को 33/11 केवी विद्युत उपसंस्थान लक्सर के अवर अभियंता की ओर से नन्दपुर रायसी निवासी अनुज के नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। क्षेत्र में बढ़ रही ट्रांसफार्मर तेल और मोटर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने सघन चेकिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

लगातार प्रयासों के बाद 19 अप्रैल को पुलिस ने एक संदिग्ध को 240 लीटर ट्रांसफार्मर तेल के साथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से चोरी में इस्तेमाल की जा रही TVS अपाचे मोटरसाइकिल और हुंडई ईऑन कार भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशू (24) पुत्र अरविंद निवासी ग्राम महाराजपुर खुर्द, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।