रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। पहले चार दिनों में यह संख्या सवा लाख तक पहुंच चुकी है। सुगम एवं सुरक्षित यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर यात्रियों ने संतोष व्यक्त किया है। धाम पहुंचे श्रद्धालुओं के एक समूह ने पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर से अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में तैनात पुलिस व प्रशासनिक टीम द्वारा यात्रियों का उचित मार्गदर्शन किया जा रहा है। रात्रि के समय कपाट खुलने का इंतजार कर रहे यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए गए। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करने से न केवल व्यवस्था बनी रही, बल्कि सभी को सुगमता से दर्शन प्राप्त हुए। श्रद्धालुओं ने विशेष रूप से ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के व्यवहार और सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, जिससे उन्हें एक सकारात्मक माहौल मिल रहा है। जनपद पुलिस व प्रशासन का मुख्य उद्देश्य केदारनाथ आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा को सुरक्षित और सुखद बनाना है। सभी स्तरों पर यात्रियों की सहायता हेतु टीमें निरन्तर मुस्तैद हैं।
वहीं दूसरी और महिला आरक्षी पायल चौहान और आरक्षी दीपक भारती ने केदारनाथ धाम यात्रा पर आए अलग-अलग श्रद्धालुओं के ग्रुप जो कि आपस में बिछड़ गए थे उनको मिलवाया वहीं मुख्य आरक्षी प्रदीप द्वारा श्रद्धालु के खोए हुए मोबाइल फोन को वापस कराया गया है। केदारनाथ धाम में रुद्रप्रयाग पुलिस श्रद्धालुओं की निरन्तर मदद कर रही है।




