27.3 C
Dehradun
Friday, June 26, 2026


spot_img

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून द्वारा आज शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी तथा बढ़ती बेरोजगारी के गंभीर मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति महोदया के नाम जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन प्रेषित किया गया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज गहरे संकट से गुजर रहा है। वर्षों की मेहनत और सपनों के सहारे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र बार-बार प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के निरस्त होने तथा भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब के कारण मानसिक तनाव, असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहे हैं। नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का सरकारी नौकरियों एवं परीक्षा प्रणाली से विश्वास लगातार कमजोर होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। आज मेहनत करने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा से अधिक व्यवस्था की विफलताओं से संघर्ष करना पड़ रहा है। डॉ. गोगी ने देहरादून की होनहार छात्रा रिया कुमारी थापा की दुखद आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा संबंधी अनिश्चितता और बढ़ते मानसिक दबाव ने अनेक युवाओं को अवसाद की स्थिति में पहुंचा दिया है। यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि उस असंवेदनशील व्यवस्था का आईना है जिसने युवाओं को निराशा की ओर धकेला है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक ओर सरकार सख्त नकल विरोधी कानून का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर पटवारी परीक्षा का पेपर भी लीक हो जाता है। वर्ष 2017 से अब तक भाजपा सरकार ऐसी कोई बड़ी भर्ती परीक्षा निष्पक्ष रूप से संपन्न नहीं करा पाई, जिस पर धांधली के आरोप न लगे हों। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक का मास्टरमाइंड हाकम सिंह सरकार की कमजोर पैरवी के कारण रिहा हुआ और उसके बाहर आते ही एक और पेपर लीक की घटना सामने आ गई। इससे स्पष्ट है कि सरकार वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

डॉ. गोगी ने कहा कि राहुल गांधी जी के हालिया कोटा दौरे के दौरान शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर तथ्य सामने आए। उन्होंने कहा कि सरकार के शिक्षा बजट से लगभग तीन गुना अधिक धनराशि केवल कोटा में लाखों छात्र पाँच प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर खर्च कर रहे हैं। वर्ष 2017 में एनटीए के गठन के बाद से अब तक 89 पेपर लीक की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं तथा 49 परीक्षाएँ दोबारा आयोजित करनी पड़ी हैं, जिससे लाखों युवाओं का मनोबल बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले को केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय मानती है। जब बार-बार परीक्षाएँ रद्द होती हैं, प्रश्नपत्र लीक होते हैं और नकल माफिया सक्रिय रहते हैं, तब मेहनत और प्रतिभा का महत्व समाप्त होता दिखाई देता है तथा सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग जाता है।

अंत में डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज़ को बुलंद करने के लिए सदैव उनके साथ खड़ी है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी व्यवस्था के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। इस मौके पर मुख्य रूप से समस्त ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन पासी, जितेंद्र तनेजा, राजेश पुंढिर, राजीव प्रजापति, सुनील थपलियाल, संजय उनियाल, वीरेंद्र पंवार, ललित बद्री, अनूप सक्सेना आदि उपस्थित थे।

 

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img