देहरादून। राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के साथ हुई गिरफ्तारी एवं कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में महानगर कांग्रेस ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया एवं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
आज महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून द्वारा महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में एश्लेहॉल चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के समर्थन में आयोजित शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ की गई गिरफ्तारी, कथित अभद्र व्यवहार तथा युवा कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज की कांग्रेस पार्टी घोर निंदा करती है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला दमन है और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का असफल प्रयास है।
डॉ. गोगी ने कहा कि जब देश का युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना चाहता है, तब केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संवाद की जगह दमन का रास्ता अपनाती है। यह न केवल संविधान की भावना के विपरीत है, बल्कि लोकतंत्र की मूल आत्मा पर भी आघात है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। केंद्र सरकार को लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए विपक्ष और युवाओं की आवाज़ सुननी चाहिए, न कि उन्हें बलपूर्वक दबाने का प्रयास करना चाहिए।
डॉ. गोगी ने राष्ट्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाबदेही तय होना आवश्यक है और केंद्र सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना चाहिए।
महानगर कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और जनविरोधी नीतियाँ जारी रहीं तो कांग्रेस सड़क से सदन तक अपना संघर्ष और अधिक तेज करेगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमन, सुनीता प्रकाश, जसविंदर सिंह मोटी, अनूप कपूर, अरुण शर्मा, सरिता बिष्ट, संजय शर्मा, रामबाबू, गीताराम जैसवाल, वीरेंद्र पंवार, मोनिका चौधरी, अभिषेक तिवारी, पूनम खंडारी, सावित्री थापा, जितेन्द्र जित्तू, सलमान, सुनील थपलियाल, शकील मंसूरी , राहुल तलवार, सुनील, कुलदीप नरूला आदि उपस्थित रहे।




