देहरादून, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तराखंड के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज स्टाम्प एवं निबंधन के विभागाध्यक्ष डाॅ इकबाल अहमद से सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर लंबे समय से विभागीय कार्मिकों की लंबित पदोन्नति का मामला उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परिषद ने विभिन्न विभागों में कार्मिकों की पदोन्नति प्रकरणों पर समय से कार्रवाई न किए जाने पर मुख्य सचिव से एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई करते हुए प्रगति की सूचना शासन के कार्मिक विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश कराया गया था। लेकिन, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग, लेखा परीक्षा विभाग आदि में कार्मिकों की पदोन्नति के प्रकरण लंबे समय से लंबित चल रहें हैं।
डाॅ अहमद ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि स्टाम्प एवं निबंधन विभाग की पत्रावली शासन स्तर पर लंबित है, जिस पर कार्यवाही के लिए सचिव ने भी निर्देशित किया गया है। उन्होंने अपर सचिव वित्त देवेन्द्र पालीवाल से फोन पर भी वार्ता की। पालीवाल ने पदोन्नति प्रकरण का निस्तारण शीघ्र करने का आश्वासन दिया। उन्होंने लेखा परिक्षा विभाग एवं कर विभाग में भी लंबित पदोन्नतियों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में परिषद के अध्यक्ष ठाकुर प्रहलाद सिंह और कार्यकारी महामंत्री अरुण पाण्डे शामिल थे।




