देहरादून। श्री सनातन धर्म सभा गीता भवन मंदिर में रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल द्वारा निशुल्क मेगा मेडिकल एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के अनुभवी एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया। क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया और अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर के दौरान ईसीजी, शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी आवश्यक जांचें निशुल्क की गईं। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की गईं। विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों, जिनमें कार्डियोलॉजिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल रहे, ने मरीजों को उनकी समस्याओं के अनुसार परामर्श दिया।
इस अवसर पर झंडा मोहल्ला वार्ड नंबर 27 के पार्षद वैभव अग्रवाल ने कहा कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि कई लोग आर्थिक कारणों से समय पर जांच नहीं करा पाते, ऐसे में इस प्रकार के निशुल्क शिविर उनके लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। आयोजकों ने भी भविष्य में ऐसे और शिविर आयोजित करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।




