- बाबा रामदेव के बयानों पर अब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन उत्तराखंड सख्त! CM तीरथ सिंह रावत को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की
देहरादून 25 मई, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की उत्तरांचल राज्य शाखा ने एलोपैथिक चिकित्सा पेशे और चिकित्सा पेशे के खिलाफ योग गुरु रामदेव के बयानों के खिलाफ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पत्र लिखा है। पत्र में उनपर जल्द और सख्त कार्रवाई की उम्मीद की गई है। आईएमए द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि बाबा रादमेव के अपमानजनक बयान ने कोरोना महामारी से मुकाबला कर रहे डॉक्टर्स के मनोबल को तोड़ने के साथ ही उनमें गुस्सा पैदा किया है, जो पूरी निष्ठा के साथ इस कठिन समय में काम कर रहे हैं।

आईएमए ने यह भी लिखा है कि कोरोना की पहली लहर में 153 एलोपैथिक डॉक्टर्स की जान चली गई, जबकि दूसरी लहर में आईएमए ने 452 डॉक्टर्स को खोया है। आईएमए उत्तरांचल की तरफ से लिखा गया है कि बाबा रामदेव के इस बयान को लेकर सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। आईएमए उत्तरांचल के मुताबिक इस संबंध में एक पत्र केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन को भी लिखा गया। केंद्रीय मंत्री ने रामदेव को पत्र लिखकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है आईएमए की उत्तराखंड शाखा ने कहा कि हम बाबा रामदेव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद करते हैं।




