देहरादून. देहरादून की सहस्त्रधारा रोड से फूल चोरी का मामला सामने आया है. जहां सड़क के डिवाइडर पर लगाए गए फूलों और पौधों को उखाड़ते हुए कुछ युवकों की तस्वीरें सामने आई हैं. इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
देहरादून शहर को हरियाली और फूलों से सजाने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण पिछले काफी समय से विशेष अभियान चला रहा है. इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों और सड़कों के किनारों पर बड़ी संख्या में पौधे और फूलों वाले गमले लगाए गए हैं.
इन पौधों का उद्देश्य केवल शहर की सुंदरता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि पर्यावरण को बेहतर बनाना और लोगों को हरियाली से जोड़ना भी है. शहर के कई हिस्सों में रंग-बिरंगे फूलों और पौधों से डिवाइडर और सड़क किनारे का दृश्य काफी आकर्षक बन गया है. प्राधिकरण की ओर से इन पौधों के रखरखाव और निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था भी बनाई गई है. समय-समय पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा निरीक्षण किया जाता है, ताकि पौधों की देखभाल सही तरीके से हो सके और उन्हें नुकसान न पहुंचे.
हालांकि प्राधिकरण की इन कोशिशों के बावजूद शहर में कई बार ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें कुछ लोग सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते दिखाई देते हैं. कहीं पौधों को उखाड़ दिया जाता है तो कहीं गमलों को नुकसान पहुंचाया जाता है. ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने पहले भी सख्ती दिखाई है और लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करें. इसके बावजूद भी कुछ असामाजिक तत्व अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं.
ताजा मामला देहरादून की सहस्त्रधारा रोड का है, यहां सामने आई तस्वीरों में दो युवक स्कूटी पर सवार होकर सड़क के डिवाइडर में लगे फूलों को उखाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि युवक हाथ में कैंची लिए हुए हैं और डिवाइडर में लगे फूलों को काटकर अपने साथ ले जा रहे हैं. इस पूरी घटना ने प्राधिकरण को भी चौंका दिया है, क्योंकि यह सीधे-सीधे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला है.




