देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने हर परिवार के बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है, लेकिन केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है। डॉ. गोगी ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मध्यम वर्ग और गृहिणियों पर पड़ रहा है। रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से रसोई चलाना भी आम परिवारों के लिए कठिन होता जा रहा है। वहीं पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन महंगा हो गया है, जिसका सीधा प्रभाव हर जरूरी वस्तु की कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावों के समय जनता से महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि हर दिन आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। कई स्थानों पर पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें भी आ रही हैं, जिससे जनता और अधिक परेशान है।




