18.7 C
Dehradun
Saturday, March 14, 2026


spot_img

कृषि मंत्री को तत्काल देना चाहिए इस्तीफा : करन माहरा

देहरादून 14 जून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने तराई बीज विकास निगम की नीलामी और कृषि मेले के नाम पर चहेते ठेकेदार को ठेका देने में करोड़ों रूपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के कृषि विभाग में एक के बाद एक घोटालों को अंजाम दिया जा रहा है तथा राज्य के मुख्यमंत्री मौन धारण किये हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व रानीखेत में भी उद्यान विभाग मे करोड़ों रूपये के घोटाले को अंजाम दिया गया था परन्तु उसकी भी जांच नहीं हो पाई और अब एयरपोर्ट विस्तारीकरण के नाम पर तराई बीज विकास निगम की परिसम्पत्तियों की औने-पौने दामों पर नीलामी कर करोड़ों रूपये के घोटाले को अंजाम दिया गया है। करन माहरा ने तराई बीज विकास निगम की नीलामी को तत्काल रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी और घोटालों का पुराना नाता रहा है। कृषिमंत्री गणेश जोशी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस्तीफे की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि तराई बीज विकास निगम किसानों की एक प्रमुख बीज संस्था है जिसने उत्तराखंड ही नहीं उत्तर प्रदेश के सीमावती क्षेत्रों को उत्तम किस्म के बीज उपलब्ध कराने के साथ ही उत्तराखंड राज्य के तराई क्षेत्र को एक नई पहचान दी है। राज्य सरकार की अकर्मण्यता के चलते तराई बीज विकास निगम संकट से जूझ रहा है और निगम की स्थिति सुधारने की बजाया राज्य सरकार द्वारा एयरपोर्ट विस्तारीकरण के नाम पर निगम की संपत्तियों को कौडियों के भाव नीलाम कर करोड़ों रूपये के घोटाले को अंजामन दिया जा रहा है। करन माहरा ने कहा कि जिस प्रकार केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों को अपने चहेते उद्योगपति मित्रों को कौडियों के भाव दिया जा रहा है, उसी प्रकार राज्य की धामी सरकार द्वारा राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों में खुली लूट की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि तराई बीज विकास निगम की परिसम्पत्तियों की नीलामी प्रक्रिया के लिए गठित समिति में अंशधारकों द्वारा चयनित के किसी भी निदेशक को शामिल नहीं किया गया है, जबकि भ्रष्टाचार के चलते जेल की हवा खा चुके कर्मचारी को समिति का सदस्य बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बीज विकास निगम के संयंत्रों हल्दी बीज विधायन संयंत्र और अन्य बीज विधायन इकाइयों की चालू हालत में मौजूद मशीनों को भी कबाड़ के भाव बेचना तथा निगम की हजारों करोड़ रूपये की सम्पत्तियों को मात्र 6 करोड़ 50 लाख रूपये में नीलाम किया जाना भारी भ्रष्टाचार को दर्शाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कृषि विभाग द्वारा देहरादून के महिन्द्रा ग्राउंड में आयोजित किये जाने वाले ‘एग्री मित्र उत्तराखंड- 2025″ कृषि मेले के लिए दिये गये ठेके में करोड़ों रूपये का घोटाला कर ठेका अपने चहेते ठेकेदार को दिये जाने का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। करन माहरा ने कहा कि ‘एग्री मित्र उत्तराखंड- 2025″ कृषि मेले के लिए राज्य कृषि विभाग द्वारा जारी किए गए टेंडर प्रक्रिया के तहत ठेके का आवंटन 11 जून 2025 की रात 9ः30 बजे किया जाना था, परन्तु प्रक्रिया के दो दिन पूर्व 9 जून 2025 को ही ठेकेदार द्वारा कार्यस्थल पर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया जो कि साफ जाहिर करता है कि टेंडर प्रक्रिया को आम लोगों की आंख में धूल झोंकने के लिए आयोजित किया गया तथा पूर्व नियोजित योजना के अनुसार सीघे-सीधे मिलीभगत कर ठेका अपने चहेते ठेकेदार को दिये जाने की ओर संकेत करता है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा टेंडर खुलने से 3 दिन पहले ही मैदान में काम शुरू कर देना यह दर्शाता है कि टेंडर पहले से फिक्स था। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के कृषि मंत्री गणेश जोशी और उनकी मंडली द्वारा भारी घोटाले को अंजाम देने की नीयत से स्थानीय लोगों को टेंडर में प्राथमिकता देने की बजाय बाहरी व्यक्ति को बिना प्रक्रिया के ही ठेका सौंप दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने तराई बीज विकास निगम नीलामी घोटाले और कृषि मेला ठेका घोटालों की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज से कराये जाने तथा कृषि मंत्री गणेश जोशी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस्तीफे की मांग की है।

 

 

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!