देहरादून, 16 मार्च। मास्टर्स टेबल टेनिस ग्रुप द्वारा 14 और 15 मार्च 2026 को देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित टीटी हॉल में मास्टर्स एंड ओपन टेबल टेनिस टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। दो दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टूर्नामेंट में सिंगल्स 40+, ओपन सिंगल्स और डबल्स जैसी विभिन्न श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में कुल 70 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। सभी मैच लीग-कम-नॉकआउट प्रणाली के आधार पर खेले गए, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में उत्तराखंड सरकार के प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी देहरादून रविंद्र भंडारी, बैडमिंटन खिलाड़ी जितेंद्र भट्ट, नवनीत रावत, रमेश बिष्ट, आशीष चोपड़ा, अंजली अग्रवाल, आनंद सिंह बिष्ट, सुमीत और देवेंद्र कंडपाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट के माध्यम से क्षेत्र में टेबल टेनिस के प्रति बढ़ते उत्साह को बढ़ावा मिला है। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन के सफल संचालन के लिए खिलाड़ियों और दर्शकों ने आयोजक मंडल की सराहना की।