देहरादून, 18 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की सख्ती अपराधियों के मंसूबो पर भारी पड़ी हैं। दून पुलिस ने कैण्ट क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुये घटना को अंजाम देने वाले 15 हजार के ईनामी अभियुक्त सहित 03 शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। अभियुक्तों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में चोरी की गई लगभग 04 लाख रू. मूल्य की ज्वैलरी, अन्य सामान व एक अवैध खुखरी बरामद हुई हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक अभियुक्त चोरी के अभियोग में विगत 11 माह से फरार चल रहा था। अभियुक्त की गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून द्वारा 15 हजार रू. का ईनाम घोषित किया था। अभियुक्तो द्वारा घटना में प्रयुक्त की गयी स्कूटी को सीज किया गया हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषभ देव तिवारी ने कोतवाली कैण्ट पर एक लिखित तहरीर दी कि वे किसी कार्य से शहर से बाहर गये थे, इस दौरान अज्ञात चोरों द्वारा उनके गजियावाला स्थित पैतृक मकान का ताला तोड़कर घर के अन्दर से ज्वैलरी तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली कैंट पर तत्काल मुकदमा अपराध सख्या-47/2026 धारा- 305(ए), 331(4) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। घटना के अनावरण तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशों पर कोतवाली कैण्ट पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से संदिग्धों के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित की गई। साथ ही पूर्व में नकबजनी की घटनाओ में प्रकाश में आये अभियुक्तों की वर्तमान स्थिती की जानकारी कर उनका भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों के क्रम में चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा एमएच जाने वाली रोड पर पोस्ट ऑफिस तिराहे के पास से स्कूटी संख्या यूके-07- एफक्यू-4863 में सवार 03 व्यक्तियों को जो पुलिस को चेकिंग करता देख भागने का प्रयास कर रहे थे, को संदिग्धता के आधार पर मौके से हिरासत में लिया गया। जिनसे पूछताछ में उनके द्वारा अपना नाम संजय साहनी पुत्र अकलू साहनी मूल निवासी ग्राम बतिया तहसील गायघाट थाना गायघाट जनपद मुजफ्फरपुर (बिहार) उम्र 30 वर्ष वर्तमान पता आइसक्रीम फैक्ट्री के पास बालीवाला थाना कोतवाली देहरादून, सैंटी साहनी पुत्र उपेंद्र साहनी मूल निवासी डाउनडे पगली शिमला हिमाचल प्रदेश थाना सदर उम्र लगभग 23 वर्ष, वर्तमान पता केयर ऑफ रामराज साहनी कबाड़ी की दुकान के पास गोविंदगढ़ थाना कैंट देहरादून (15 हजार का ईनामी) तथा लक्ष्मण साहनी पुत्र डर साहनी मूल निवासी ग्राम टीसीडी पोस्ट मोर थाना मोर जनपद दरभंगा (बिहार) वर्तमान पता कामली रोड लेबर अड्डा चौक थाना कोतवाली देहरादून उम्र 22 वर्ष बताया गया। उक्त व्यक्तियों की तलाशी में उनके पास से भारी मात्रा में ज्वैलरी तथा अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा बंद घरों की रैकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। बरामद ज्वैलरी को भी उनके द्वारा कैण्ट क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में चोरी किया गया था। कुछ दिन पूर्व भी उनके द्वारा गजियावाला क्षेत्र में एक बंद मकान का ताला तोडकर मकान से सोने चाँदी के जेवरात, नकदी व अन्य सामान चोरी किया था। पूछताछ में अभियुक्तों का पूर्व में भी चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओ में जेल जाना प्रकाश में आया है। अभियुक्त सैंटी साहनी पूर्व मे भी कई आपराधिक घटनाओ में जेल जा चुका है, जो कैण्ट क्षेत्र में हुई चोरी की 01 घटना में विगत 11 माह से फरार चल रहा था तथा अभियुक्त के लगातार फरार चलने के कारण उस पर एसएसपी देहरादून द्वारा 15 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था।




