हरिद्वार, 9 अप्रैल। पुलिस कार्मिकों के साथ अभद्र व्यवहार, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा कानून-व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। चण्डीघाट क्षेत्र में हुई घटना के संबंध में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल को चौकी चण्डीघाट क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मृत्यु के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और चौकी में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले में चौकी इंचार्ज एसआई नवीन चौहान की तहरीर पर 2 अप्रैल को कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा संख्या 39/26, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 तथा क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की धाराओं में 10 नामजद और 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना श्यामपुर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। विवेचक एसआई संतोष सेमवाल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुबोध, संदीप, सोनू उर्फ टुंडा, गोविंद शाह और रामबाबू उर्फ भूरा शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में कानून को हाथ में न लें, बल्कि अपनी बात शांतिपूर्वक और कानूनी तरीके से रखें।