- बिना पासपोर्ट व वीज़ा के भारत में रह रहे अफ़ग़ानी नागरिक को पुलिस ने हिरासत में लिया
- ट्रेन बांद्रा एक्सप्रेस में चैन पुलिंग के बाद चेकिंग के दौरान रुड़की स्टेशन पर RPF द्वारा पकड़ा गया
- चार साल पहले समाप्त हो चुका था अफ़ग़ानी नागरिक का वीज़ा
- सुरक्षा के दृष्टिगत सभी मानकों का पालन कर की जा रही है विधिक कार्रवाई
हरिद्वार 15 दिसम्बर, बीती 13 दिसम्बर को बांद्रा एक्सप्रेस में हुई चेन पुलिंग की घटना के संबंध में रेलवे स्टेशन रुड़की पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसकी पहचान बाद में एक अफगानिस्तान नागरिक के रूप में हुई।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पकड़ा गया व्यक्ति बिना वैध पासपोर्ट व वीजा के भारत में रह रहा था। आरोपी का वीजा लगभग चार वर्ष पूर्व समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह अवैध रूप से भारत में निवास कर रहा था।
14 दिसम्बर को प्रभारी उप निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल चौकी रुड़की, कमलेश प्रसाद, मय हमराह आरक्षी सुंदर सिंह द्वारा आरोपी को आवश्यक कागज़ात सहित कोतवाली गंगनहर में दाखिल किया गया।
दाखिला प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना गंगनहर पर मुकदमा संख्या 626/25, The Immigration and Foreigners Act, 2025 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की सूचना उच्चाधिकारीगण को दे दी गई है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अफ़ग़ानी नागरिक :- नजीबुल्लाह पुत्र हाजी बिस्मिल्लाह निवासी नहिया-3, थाना नहिया-3 जनपद कंधार, अफगानिस्तान (विदेशी नागरिक)
अफ़ग़ानी नागरिक से बरामद सामान :- एक अदद मोबाइल फोन, ₹1200/- नकद, एक पुलिंदा (सील सर्वे मोहर) और वीजा एक्सटेंशन।




