- देहरादून के मालदेवता में डंपर की चपेट में आने से किशोर की मौत
- किशोर की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रोड पर रखकर लगाया जाम
देहरादून 2 मार्च, रविवार देर रात थाना रायपुर क्षेत्र अंतर्गत मालदेवता के शेरकी गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मालदेवता रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरकी गांव निवासी 17 वर्षीय शिवांशु रविवार रात अपने घर के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित कुछ दूरी तक गया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मालदेवता रोड जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर थाना रायपुर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
अधिकारियों द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद देर रात जाम खुल सका। थाना रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।




