भूमि की नाप-जोख के एवज में मांगी थी रकम, सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप कार्रवाई
जमीन की पैमाइश के बदले रिश्वत मांगना पड़ा भारी, पटवारी गिरफ्तार टोल फ्री 1064 की शिकायत रंग लाई, पटवारी रिश्वत लेते दबोचा गया
नैनीताल जिले की धारी तहसील में तैनात एक पटवारी को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने ₹30 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता की भूमि की नाप-जोख कराने के एवज में रिश्वत मांगी थी। टोल फ्री नंबर 1064 पर मिली शिकायत के सत्यापन के बाद सतर्कता टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।पटवारी पर आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता की ग्राम मजीदा, तहसील धारी स्थित भूमि की नाप-जोख के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, पटवारी निर्मल बोरा पुत्र शेर सिंह बोरा, निवासी उनकोट, धारी, नैनीताल, वर्तमान में तहसील धारी में पटवारी के पद पर तैनात था। उसका वर्तमान निवास जलवायु विहार, अमृत आश्रम के पास, बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी बताया गया है। शिकायतकर्ता ने पटवारी द्वारा भूमि की नाप-जोख के एवज में पैसों की मांग किए जाने की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर की थी।
शिकायत का सतर्कता अधिष्ठान द्वारा सत्यापन कराया गया। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर नैनीताल/हल्द्वानी के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया।
इसके बाद सतर्कता टीम ने नियोजित कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर 2026 को पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से ₹30 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्त संदेश गया है। अधिकारियों ने आमजन से भी सरकारी कार्य के एवज में रिश्वत मांगने की स्थिति में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत करने की अपील की है।




