22.2 C
Dehradun
Saturday, September 5, 2026


spot_img

उत्तराखंड में बारिश का कहर: पिथौरागढ़ में 18 और बागेश्वर में 16 सड़कें बंद, टिहरी में रिंग रोड का पुश्ता क्षतिग्रस्त

पिथौरागढ़/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी जिलों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 10 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भूस्खलन और मलबा आने से कई सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं टिहरी गढ़वाल में निर्माणाधीन जाख-डोबरा रिंग रोड का एक पुश्ता बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया।

पिथौरागढ़ में 18 सड़कें बंद

सीमांत जिले पिथौरागढ़ में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से 18 सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। सड़कें बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों का जिला और तहसील मुख्यालयों से संपर्क प्रभावित हुआ है। यात्रियों के साथ ही मरीजों और जरूरी काम से आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें जेसीबी व अन्य मशीनों की मदद से बंद मार्गों को खोलने में जुटी हैं। हालांकि लगातार बारिश के कारण सड़क बहाली के कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। चीन सीमा से जुड़े कुछ मार्ग भी बारिश और मलबे से प्रभावित बताए गए हैं।

बंद प्रमुख मार्गों में घारचूला-तवाघाट, तवाघाट-गुंजी, ड्योरा-बारमू, जौलजीबी-झूलाघाट, सोबला-उमचिया, होकरा-नामिक, एलागाड़-जुम्मा, बांसबगड़-कोटा और मदकोट-दारमा मार्ग शामिल हैं।

पिथौरागढ़ में आज स्कूल बंद

मौसम की स्थिति को देखते हुए पिथौरागढ़ में 5 सितंबर को स्कूल बंद रखने की सूचना जारी की गई है। प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

बागेश्वर में 16 मोटर मार्ग प्रभावित

बागेश्वर जिले में भी बारिश और भूस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मलबा आने के कारण 16 मोटर मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। इनमें एनएच-109 भी शामिल बताया गया है। कई स्थानों पर सड़क पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही बाधित हुई।

रवाईखाल क्षेत्र में सड़क बंद होने के कारण एंबुलेंस, बस और टैक्सी समेत कई वाहन जाम में फंस गए। मरीज को बैजनाथ ले जा रही एक एंबुलेंस भी करीब डेढ़ घंटे तक रास्ते में फंसी रही।

सड़क विभाग की टीमें जेसीबी और अन्य मशीनों के माध्यम से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी हैं।

टिहरी में रिंग रोड का पुश्ता क्षतिग्रस्त

टिहरी गढ़वाल में लगातार बारिश के बीच निर्माणाधीन जाख-डोबरा रिंग रोड का एक पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया। पुश्ते का कुछ हिस्सा टूटने और धंसने के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।

स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त हिस्से की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल मरम्मत करने के बजाय निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक जाख-डोबरा रिंग रोड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। ऐसे में निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में सड़क की सुरक्षा और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।

बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बंद सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img