24.2 C
Dehradun
Friday, September 4, 2026


spot_img

देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, नौकर गिरफ्तार; बकाया पैसों को लेकर हुआ था विवाद

12 घंटे में पुलिस ने किया हत्याकांड का पर्दाफाश, महिला के सोने के कड़े लेकर फरार हुआ था आरोपित

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेखा बंसल की हत्या के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित घरेलू नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर महिला और नौकर के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान पकड़े जाने के डर से आरोपित ने महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित महिला के सोने के कड़े लेकर फरार हो गया था।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के मुताबिक, तीन सितंबर को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। उनके चेहरे पर चोट के निशान भी थे। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चिकित्सकों को मौके पर बुलाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बकाया पैसों को लेकर नौकर से हुआ था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रेखा बंसल का घर में काम करने वाले नौकर विनीत कुमार से बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। विनीत कुमार ग्राम मंजयाली, बड़कोट, उत्तरकाशी का निवासी है और वर्तमान में नेहरू कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान महिला के चिल्लाने पर विनीत को पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसी दौरान उसने महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित महिला के सोने के कड़े लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे।

12 घंटे के भीतर आरोपित गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उपलब्ध सुरागों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपित विनीत कुमार को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मृतका से लूटा गया सोने का कड़ा भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और घटना के दौरान हुई गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img