24.2 C
Dehradun
Thursday, August 20, 2026


spot_img

हल्द्वानी में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, जुए के अड्डे से लाखों लूटकर फरार

हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार रात हथियारबंद बदमाशों ने जुए के अड्डे पर धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने असलहों के बल पर वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाकर नकदी के साथ सोने की चेन और अंगूठियां भी उतरवा लीं। वारदात के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए दो गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी, सीओ और कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

दस लोगों के जुआ खेलने की सूचना

पुलिस के अनुसार, गोरापड़ाव क्षेत्र में कुछ माह पहले पुरानी कारों की बिक्री से संबंधित एक कार्यालय खोला गया था। बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे यहां करीब दस लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो और सफेद रंग की कार में सवार आठ से दस बदमाश अचानक कार्यालय में घुस आए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने असलहे निकाल लिए और वहां मौजूद लोगों को घेरकर अपने कब्जे में ले लिया।

नकदी के साथ चेन और अंगूठियां भी लूटीं

बदमाशों ने जुए के फड़ पर रखी नकदी अपने कब्जे में लेने के साथ ही वहां मौजूद लोगों की जेबें भी तलाशी। इसके अलावा लोगों के गले से सोने की चेन और अंगुलियों से अंगूठियां भी उतरवा ली गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सभी लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों वाहनों से फरार हो गए।

कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल

बताया जा रहा है कि लूट का शिकार हुए लोगों में कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल हैं। इनमें अधिकांश लोग गोरापड़ाव और हल्द्वानी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ये लोग अक्सर उक्त कार्यालय में इकट्ठा होते थे।

सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की तलाश

घटना के खुलासे के लिए पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाश जिन दो वाहनों से पहुंचे और फरार हुए, उनके रूट की भी जांच की जा रही है। हाईवे समेत आसपास के कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस जुटा रही है। बताया जा रहा है कि एक कैमरे में बदमाशों की गाड़ी से जुड़ी अहम जानकारी भी सामने आई है।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ और कोतवाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के थानों को भी अलर्ट किया गया है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img