देहरादून | 17 अगस्त 2026: वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर देहरादून पुलिस लगातार सक्रिय है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर सोमवार को थाना बसंत विहार पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी।
पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्हें बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस ने बुजुर्गों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अन्य प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचने के जरूरी उपाय बताए।
पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध कॉल, व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही, किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के लिए उन्हें उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न जनहितकारी सेवाओं, हेल्पलाइन नंबरों और आपातकालीन सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान पुलिस टीम ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए दून पुलिस हर समय उनके साथ खड़ी है। पुलिस की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
वहीं, क्षेत्र के बुजुर्गों ने पुलिस द्वारा उनके घर पहुंचकर कुशलक्षेम पूछने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की पहल की सराहना की। वरिष्ठ नागरिकों ने एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।




