26.3 C
Dehradun
Tuesday, August 11, 2026


spot_img

ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार; 13 दोपहिया वाहन बरामद

देहरादून। एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार में पटेलनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई 7 रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे पहले सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। पुलिस से बचने के लिए चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट हटा दी जाती थी और उन्हें गली-मोहल्लों के रास्ते सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया जाता था।

दो बुलेट चोरी की शिकायत से खुला मामला

पटेलनगर क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में आदित्य पुत्र वीरेंद्र निवासी चंद्रबनी चोयला, पटेलनगर ने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट संख्या UK-07-FJ-9383 तथा दीपक सिंघल निवासी शक्ति विहार, माजरा ने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट संख्या UK-07-DX-2536 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

दोनों मामलों में कोतवाली पटेलनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों की गतिविधियों और वर्तमान स्थिति का भी सत्यापन किया गया।

चेकिंग के दौरान दो आरोपी गिरफ्तार

लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच 10 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास नव निर्मित सड़क पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को चोरी की दो बुलेट मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों से कई बुलेट और अन्य दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 5 अन्य रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत कुल 13 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दो अन्य चोरी के वाहनों के संबंध में भी जानकारी दी है। इनमें एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल थाना श्यामपुर, हरिद्वार और एक अन्य वाहन पानीपत, हरियाणा में पुलिस द्वारा सीज किया जाना बताया गया है। इन वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।

नंबर प्लेट हटाकर किराये पर देते थे वाहन

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को चिन्हित करते थे। इसके बाद मौका देखकर वाहन चोरी कर लेते थे।

चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट हटा दी जाती थी, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। इसके बाद वाहनों को गली-मोहल्लों के रास्ते पहले से चिन्हित सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कर दिया जाता था।

आरोपी अपने खर्चों की पूर्ति के लिए चोरी किए गए वाहनों को नंबर प्लेट हटाकर अपने परिचितों को किराये पर भी देते थे। इसके साथ ही वे चोरी के वाहनों को देहरादून से बाहर ले जाकर बेचने की तैयारी में थे और इसके लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विवेक सिंह बिश्नोई, पुत्र धनवीर सिंह बिश्नोई, निवासी लखेड़ा टेंट हाउस के पास, श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष।
  2. गुरप्रीत सिंह, पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी ग्राम टाटवाला, श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष।

13 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर निम्न वाहन बरामद किए हैं:

  • रॉयल एनफील्ड बुलेट 350, UK-07-DX-2536
  • रॉयल एनफील्ड बुलेट 350, UK-07-FJ-9383
  • रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 350
  • रॉयल एनफील्ड बुलेट क्लासिक 350, सिल्वर रंग
  • रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 500, काले रंग की
  • रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 350, काले रंग की
  • रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 350, काले रंग की
  • सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट
  • काले रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट
  • ग्रे रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट
  • काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट
  • काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट
  • लाल रंग की सिटी 100 मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट

बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार

वाहन चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने ₹2,500 के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर निरीक्षक विनोद सिंह गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक विनय मित्तल, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन सिंह रावत, कैलाश पंवार, आबिद अली, राहुल कुमार और हेड कांस्टेबल किरण कुमार (एसओजी नगर) शामिल रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img