26.8 C
Dehradun
Saturday, July 25, 2026


spot_img

आर्केडिया हिलॉक्स धोखाधड़ी मामला: फरार बिल्डर शाश्वत गर्ग के घर कुर्की, दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई

करोड़ों की कथित ठगी मामले में मुख्य आरोपी की संपत्ति कुर्क, पासपोर्ट निरस्त और लुकआउट सर्कुलर पहले ही जारी

देहरादून। मसूरी रोड स्थित आर्केडिया हिलॉक्स और इंपीरियल वैली परियोजनाओं में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में दून पुलिस ने फरार चल रहे बिल्डर शाश्वत गर्ग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके सहस्त्रधारा रोड स्थित आवास की कुर्की कर दी है। यह कार्रवाई न्यायालय से जारी कुर्की वारंट के आधार पर थाना राजपुर पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी शाश्वत गर्ग और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड सहित कई राज्यों में लगातार दबिश दी गई, लेकिन वे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी एवं कुर्की वारंट प्राप्त कर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

फ्लैट आवंटन के नाम पर करोड़ों की कथित ठगी

जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2025 को आर्केडिया हिलॉक्स सोसाइटी के अध्यक्ष विवेक कुमार की शिकायत पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि शाश्वत गर्ग और उसके सहयोगियों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर फ्लैट आवंटन के नाम पर कई निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

परिवार सहित फरार, पासपोर्ट भी हुए निरस्त

पुलिस जांच में सामने आया है कि शाश्वत गर्ग अपनी पत्नी साक्षी गर्ग, पिता प्रवीण गर्ग, मां अंजली गर्ग और बेटे के साथ पिछले वर्ष अक्टूबर से फरार है। पुलिस के अनुसार, परिवार को आखिरी बार उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित रिश्तेदार के घर पर देखा गया था।

विदेश फरार होने की आशंका के मद्देनजर निवेशकों की शिकायत पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने शाश्वत गर्ग, साक्षी गर्ग और प्रवीण गर्ग के पासपोर्ट निरस्त कर दिए। साथ ही उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया जा चुका है, ताकि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें।

22 जुलाई को हुई कुर्की की कार्रवाई

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 22 जुलाई को शाश्वत गर्ग के सहस्त्रधारा रोड स्थित आवास की कुर्की की गई। उन्होंने कहा कि मामले में फरार अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कुर्की की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।

दो परियोजनाओं में निवेशकों ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस के मुताबिक, शाश्वत गर्ग ने मसूरी रोड पर आर्केडिया हिलॉक्स ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट और थानो क्षेत्र में इंपीरियल वैली प्लॉटेड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट विकसित किए थे। आरोप है कि दोनों परियोजनाओं में निवेशकों से करोड़ों रुपये लेने के बावजूद उन्हें संपत्ति का कब्जा या वैध आवंटन नहीं दिया गया।

प्रारंभिक जांच में आर्केडिया हिलॉक्स परियोजना में 21 से अधिक फ्लैट आवंटनों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। इस मामले में गर्ग परिवार के अलावा कुछ रिश्तेदारों तथा बैंक एवं वित्तीय संस्थानों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। वहीं, रानीपोखरी थाने में भी शाश्वत गर्ग और उसके सहयोगियों के खिलाफ एक अलग आपराधिक मामला दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Stay Connected

22,024FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

- Advertisement -spot_img