मसूरी, 08 जून। नगर पालिका परिषद मसूरी के सहयोग से आज संत निरंकारी मिशन के सेवादारों द्वारा नगर पालिका क्षेत्र में किंगक्रैक से लाइब्रेरी चौक तक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में सेवादारों ने भाग लेकर सड़क किनारे फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित किया तथा क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस अवसर पर सेवादारों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए संदेश दिया कि “प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक हैं।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। नगर पालिका परिषद मसूरी ने संत निरंकारी मिशन के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभियान के दौरान स्वच्छ एवं सुंदर मसूरी के निर्माण का संकल्प भी लिया गया।




