देहरादून। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। पश्चिम एशिया में तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल की कीमत 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई है। पिछले 10 दिनों में कुल मिलाकर, कीमतों में लगभग पांच रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। शनिवार को हुई बढ़ोतरी के बाद देहरादून में पेट्रोल की कीमत 97.85 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल का भाव 93.18 रुपए प्रति लीटर है। इसके अलावा दून में सीएनजी के दामों में भी प्रति किलो तीन रुपये बढ़ाए गए हैं, इसके बाद दून में सीएनजी 97 रुपये किलो बिक रही है। इसका असर सब्जियों, फल, दूध और रोजमर्रा के सामानों की कीमतों पर दिखाई दे सकता है। माना जा रहा है कि अगर आने वाले दिनों में भी कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं, तो महंगाई और बढ़ सकती है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने मध्यम वर्ग और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।




