- 12 घंटे के भीतर तलाश खत्म, नेपाली युवक तक पहुंची पुलिस
- साधु की डंडे और पत्थर से हत्या प्रकरण में थी युवक की तलाश
- मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस हर सम्भव कर रही है प्रयास
- मृतक के नाम पते की जानकारी न होने पर पुलिस ने खुद कराई शिकायत दर्ज
हरिद्वार 22 अप्रैल। रोडीबेलवाला क्षेत्र में मंगलवार को एक बाबा की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नेपाली मूल के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल को एक व्यक्ति ने चौकी रोडीबेलवाला पहुंचकर सूचना दी कि दीनदयाल पार्किंग अंडरपास के ऊपर हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक बाबा पर किसी व्यक्ति ने डंडे और पत्थर से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाबा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने डिजिटल व मैनुअल जांच के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस टीमों द्वारा डिजिटल एवं मैनुअल पुलिसिंग की मदद से घटना से जुड़े तथ्य जुटाए तथा सूचनाकर्ता द्वारा बताये गये हुलिये के अनुसार हत्यारोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को एक्टिव करते हुए संभावित स्थलों पर तलाशी अभियान शुरु किया।जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग में एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक थापा (43) निवासी लुम्बिनी, नेपाल बताया। उसने बताया कि कुछ दिन पहले सोने को लेकर हुए विवाद में वह बाबा से नाराज था। घटना की रात नशे की हालत में उसने पहले डंडे और फिर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे इंचार्ज इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा, एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट, एसआई नवीन नेगी, हेड कॉन्स्टेबल सतीश नोटियाल, हेड कॉन्स्टेबल सतेंद्र कुमार और कॉन्स्टेबल अजीत तोमर। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।