हरिद्वार, 12 अप्रैल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पथरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहरण के एक मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत नाबालिग को भी सकुशल बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 21 जनवरी को शिकायतकर्ता ने थाना पथरी में अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिस पर एसएसपी हरिद्वार द्वारा उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था।
शुक्रवार को पथरी पुलिस को पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर सुभाषगढ़ तिराहे पर घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपहृत नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम ब्रह्मपुर, कोतवाली रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में महिला एसआई शाहिदा परवीन, एएसआई मुकेश राणा और कॉन्स्टेबल मुकेश चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।




