एस.के.एम. न्यूज सर्विस
पौड़ी 05 अप्रैल। जनपद पौड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह के साथ हुई। प्राथमिक से इंटरमीडिएट तक सभी राजकीय विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के तहत छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। विशेष पहल के तहत सत्र के पहले दिन ही पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई, जिससे पढ़ाई बिना विलंब शुरू हो सके। जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच, पौड़ी में किया। उन्होंने बच्चों को पुस्तकें वितरित कर उनसे संवाद किया और उत्साहवर्धन किया। विद्यालय में उल्लासपूर्ण माहौल रहा और बच्चों ने उत्साह से भागीदारी की। जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध होना शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विद्यालयों में शीघ्र व सुचारु वितरण के निर्देश दिए। साथ ही खेल क्षेत्र में झूले व फिसलपट्टी लगाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक) अंशुल बिष्ट ने बताया कि जनपद के सभी विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के साथ पुस्तक वितरण सुनिश्चित किया गया है, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आरती बहुगुणा, वार्ड सदस्य दिनेश रावत, अरविन्द रावत सहित विद्यालय परिवार व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




