- बाबा पर जानलेवा हमले में फरार चल रही आरोपी महिला को हरिद्वार पुलिस ने धर दबोचा
- आरोपी महिला के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है।
हरिद्वार 28 मार्च। बाबा पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रही आरोपी महिला को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर वांछित एवं फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना श्यामपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 23/2026 में आरोपी महिला घटना के बाद से फरार चल रही थी। गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में श्यामपुर पुलिस ने शुक्रवार 27 मार्च को दबिश देकर आरोपी महिला को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान बाबा की वाणी ईशा ट्रस्ट, बालाजी धाम के पास, गाजीवाला, कोतवाली श्यामपुर, हरिद्वार निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है। उसका आपराधिक इतिहास थाना भोण्डसी, जनपद गुरुग्राम (हरियाणा) में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 118/2024, धारा 323, 506, 34 से संबंधित है।
पुलिस द्वारा आरोपी महिला को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसएसआई मनोज रावत, महिला एसआई रचना पठानिया और महिला होमगार्ड देवकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।