रुद्रप्रयाग। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में तहसील दिवस का आयोजन किया जाता रहा है। इस सप्ताह जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में दिनांक 10 मार्च 2026 (मंगलवार) को तहसील दिवस का आयोजन खण्ड विकास कार्यालय, ऊखीमठ के सभागार में किया जाएगा। उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसील दिवस के अवसर पर सभी विभागों के जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा आमजन की समस्याओं को सुना जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए निर्धारित तिथि को तहसील दिवस में उपस्थित होकर प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।




