हरिद्वार 2 मार्च, एसएसपी हरिद्वार के निर्देशानुसार बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन एवं आपराधिक घटनाओं की रोकथाम को लेकर जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रुड़की क्षेत्र तथा थाना पिरान कलियर पुलिस द्वारा थाना पिरान कलियर क्षेत्रांतर्गत व्यापक सत्यापन अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत रैन बसेरों में निवासरत बाहर से आए जायरीनों की जांच की गई। साथ ही रिहायशी इलाकों में रह रहे किरायेदारों, होटल संचालकों, मकान मालिकों एवं बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों का भी सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों ने पहचान पत्रों की जांच करते हुए आवश्यक अभिलेखों का मिलान किया और सत्यापन न कराने वाले लोगों को नियमानुसार चेतावनी दी। एसएसपी हरिद्वार ने कहा है कि सत्यापन न कराने वाले लोगों चालान किया जाएगा और भारी जुर्माना वसूल किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक व संदिग्ध तत्वों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सत्यापन अभियान के दौरान स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई तथा मकान मालिकों को किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस का कहना है कि तीर्थस्थल होने के कारण पिरान कलियर क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बेहद आवश्यक है। अभियान के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है, जिससे संभावित आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।




